मेरठ। मेरठ के प्रसिद्ध सेंट्रल मार्केट के अस्तित्व और व्यापार को बचाने के लिए शनिवार को व्यापारियों ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया। शुभकामना बैंकट हॉल में आयोजित ‘व्यापार बचाओ संघर्ष समिति’ की अहम बैठक में यह निर्णय लिया गया कि व्यापारी अब चुप नहीं बैठेंगे और अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरेंगे।
एकजुट हुए शास्त्री नगर और जागृति विहार के व्यापारी-
बैठक में शास्त्री नगर और जागृति विहार की सभी व्यापारी संस्थाओं के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। व्यापारियों ने एक सुर में कहा कि वे किसी भी कीमत पर अपने व्यापार को उजाड़ने नहीं देंगे। समिति के सदस्यों ने संकल्प लिया कि चाहे कितना भी बड़ा संघर्ष करना पड़े, व्यापारियों के हितों की रक्षा हर हाल में की जाएगी।
16 दिसंबर को ‘मौन जुलूस’ से दर्ज होगा विरोध-
आंदोलन की रणनीति साझा करते हुए व्यापारियों ने बताया कि 16 दिसंबर को शाम 6 बजे एक विशाल मौन जुलूस निकाला जाएगा। यह जुलूस नई सड़क से शुरू होकर पूरे सेंट्रल मार्केट से होता हुआ सेक्टर-2 स्थित मार्केट तक जाएगा। इस मौन मार्च के जरिए व्यापारी बिना शोर किए सरकार तक अपनी पीड़ा और आक्रोश पहुँचाएंगे।
CM योगी को लिखेंगे ‘हजारों चिट्ठियाँ’-
व्यापारियों ने विरोध का एक अनोखा तरीका भी चुना है। ‘पोस्टकार्ड अभियान’ के तहत हजारों व्यापारी, उनके परिवार, कर्मचारी और यहाँ तक कि ग्राहक भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पोस्टकार्ड लिखेंगे। इन पोस्टकार्ड्स के माध्यम से सीधे मुख्यमंत्री से व्यापार बचाने और व्यापारियों के पक्ष में निर्णय लेने की मार्मिक अपील की जाएगी।
बैठक में ‘व्यापारी एकता’ की गूँज-
बैठक का समापन “व्यापारी एकता जिंदाबाद” के नारों के साथ हुआ। इस दौरान जितेंद्र अग्रवाल, निमित जैन, राकेश बंसल, अमित अग्रवाल, जतिन चंदना, शुभम दुबलिश, नानकचंद शर्मा और गौरव वरमानी सहित भारी संख्या में गणमान्य व्यापारी उपस्थित रहे।











Discussion about this post