मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून हाईवे (हरिद्वार-मेरठ रोड) स्थित एक रेस्टोरेंट में शुक्रवार देर रात हुई एक घटना में रेस्टोरेंट मालिक की सूझबूझ और बहादुरी ने एक गंभीर आपराधिक वारदात को टाल दिया। जन्मदिन मना रहे नशे में धुत चार युवकों ने रेस्टोरेंट के पास हवाई फायरिंग कर दी, जिसके बाद रेस्टोरेंट मालिक और कर्मचारियों ने उन्हें पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
ढाबे पर हुआ क्या?
घटना हरिद्वार-मेरठ मार्ग पर स्थित निखिल शर्मा (निवासी अखलौर) के शिवा ढाबे पर हुई। देर रात चार युवक ढाबे पर खाना खाने पहुँचे थे। खाना खाने के बाद, वे ढाबे से सटे एक खाली प्लॉट में चले गए। ढाबा मालिक निखिल शर्मा ने बताया कि खाली प्लॉट पर पहुँचते ही उत्कर्ष कौशिक नाम के युवक ने अपने साथियों के कहने पर नीले रंग के बैग से पिस्तौल निकाली और हवा में दो गोलियाँ चला दीं।
जान का खतरा लेकर पकड़ा-
गोली चलने की आवाज़ सुनते ही ढाबा संचालक निखिल शर्मा अपने कर्मचारियों अजय, प्रकाश चौधरी, रूपकिशोर और गुड्डू के साथ मौके पर पहुंचे और चारों युवकों को घेर लिया।
युवकों ने ढाबा संचालक को धमकाते हुए कहा, “यहाँ से चले जाओ, नहीं तो तुम्हारा ढाबा नहीं चलने देंगे।” इसके बावजूद, ढाबा संचालक और उनके कर्मचारियों ने हिम्मत नहीं हारी और चारों युवकों को दबोच लिया। फायरिंग करने वाले उत्कर्ष कौशिक ने इस दौरान तमंचा वापस बैग में रख लिया था।
पुलिस ने किया गिरफ्तार-
सूचना मिलते ही, नई मंडी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची और चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से नीले बैग में रखा गया तमंचा बरामद किया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान-
उत्कर्ष कौशिक (फायरिंग करने वाला) – निवासी वसुधरा, थाना नई मंडी।
सार्थक त्यागी – निवासी जाट कालोनी, थाना सिविल लाइंस।
तुषार – निवासी अवध विहार, थाना नई मंडी।
श्रेय त्यागी – निवासी खाईखेड़ी, थाना पुरकाजी।
इंस्पेक्टर बृजेश कुमार शर्मा ने बताया कि युवकों ने जन्मदिन के मौके पर हर्ष फायरिंग की थी। पुलिस अब यह पता लगाने के लिए गहन पूछताछ कर रही है कि अवैध तमंचा उनके पास कहाँ से आया था।









Discussion about this post