जम्मू : पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत का ऑपरेशन सिंदूर जारी है। भारत ने पाकिस्तान के एयर डिफेंस सिस्टम को तबाह कर दिया है। गुरुवार को विदेश मंत्रालय ने प्रेस ब्रीफिंग की। विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान के झूठों का जवाब दिया।
तनाव के बीच राजस्थान के बॉर्डर से जुड़े पांच इलाकों में शुक्रवार को स्कूल बंद रहेंगे। पाकिस्तान ने जम्मू हवाई अड्डे को निशाना बनाने का प्रयास किया। सेना की जवाबी कार्रवाई शुरू हो गई है।
पाकिस्तान ने जम्मू में ड्रोन हमला किया है। भारतीय वायु सेना ने करारा जवाब दिया है। जम्मू में ब्लैक आउट कर दिया है। यहां सायरन की आवाज गूंज रही है। यहां फायरिंग की आवाज भी सुनी गई है।
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर पश्चिम बंगाल सरकार ने अगले आदेश तक सभी राज्य सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। राज्य वित्त विभाग ने जारी आदेश में निर्णय के पीछे का कारण वर्तमान स्थिति बताया है। वित्त विभाग ने कहा कि आदेश राज्य सरकार के सभी श्रेणी के कर्मचारियों पर लागू होगा और यहां तक कि जिन लोगों को पहले छुट्टी मंजूर की गई थी, उन्हें भी अब वापस ड्यूटी पर आना होगा। अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि केवल चिकित्सा अवकाश पर रहने वाले कर्मचारियों को ही इस निर्देश से छूट दी जाएगी।
पाकिस्तान हवाई अड्डा प्राधिकरण ने कराची, लाहौर और सियालकोट हवाई अड्डे को बंद कर दिया है। डॉन न्यूज के मुताबिक प्राधिकरण ने कहा कि यात्री अपनी उड़ानों के संबंध में जानकारी के लिए अपनी एयरलाइन्स से संपर्क करें।
सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है। बताया जा रहा है कि उन्होंने प्रधानमंत्री को ऑपरेशन सिंदूर और अब तक कार्रवाई की जानकारी दी है।
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि हमारे पास IMF (अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष) में एक कार्यकारी निदेशक हैं। कल IMF के बोर्ड की बैठक है और मुझे यकीन है कि हमारे कार्यकारी निदेशक भारत का पक्ष रखेंगे। बोर्ड का फैसला जो होगा वह अलग मामला है। लेकिन मुझे लगता है कि पाकिस्तान के मामले में उन लोगों को स्पष्ट संदेश दिया जाना चाहिए जो इस देश को बचाने के लिए उदारतापूर्वक अपनी जेबें खोलते हैं।
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि यह अजीब है कि पाकिस्तान में नागरिकों के जनाजे उनके राष्ट्रीय ध्वज में लिपटे ताबूतों के साथ किए जा रहे हैं और राजकीय सम्मान दिया जा रहा है, जबकि मारे गए लोग आतंकी थे। उनके जनाजे में पाकिस्तानी सेना के अधिकारी शामिल हुए। आतंकियों को राजकीय अंतिम संस्कार देना पाकिस्तान में एक प्रथा हो सकती है, लेकिन यह हमारे लिए बहुत मायने नहीं रखती।











Discussion about this post