सरधना। गांव कालंदी में शनिवार को अनुसूचित जाति के लोगों की बरात पर हमला करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग के लिए सोमवार को बसपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने कोतवाली का घेराव किया। घटना की निंदा करते हुए पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देते हुए पदाधिकारियों को शांत किया।
कालंदी गांव निवासी सिपट्टर की बेटी सोनिया की मुजफ्फरनगर के भोकरहेड़ी से बरात आई थी। राजपूत समाज के स्कार्पियो कार सवार आरोपी अक्षय, तरुण व छोटू सहित कई युवकों ने बरातियों से गाली गलौज कर दी थी। आरोपी युवकों ने अन्य साथियों को बुलाकर बरातियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस दौरान दूल्हा संजू व उसके भाई गोविंद, बहन अंजू सहित कई बराती मारपीट में घायल हो गए थे। जान बचाने के लिए बरात के लोग थाने पहुंचे और आपबीती सुनाई। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में चढ़त की रस्म पूरी कराई गई थी। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों तरुण और निशांत उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
सोमवार काे बसपा जिला अध्यक्ष सुभाष प्रधान के नेतृत्व में मुख्य कोआर्डिनेटर मोहित आनंद, जगरूप सिंह, हेमंत प्रधान, विरेंद्र रूहासा, धीरसिंह, प्रबुद्ध कुमार व प्रमोद कुमार सरधना कोतवाली पहुंचे और घेराव किया।











Discussion about this post