लखनऊ : अगले कुछ दिनों में यूपी में मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है। जिसमें नए चेहरों को मौका मिल सकता है। वहीं जिन मंत्रियों के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायतें हैं, उन्हें हटाया जा सकता है। अगले आठ से 10 दिनों में यूपी में मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नए मंत्रिमंडल में तीन से चार नए चेहरे शामिल किए जा सकते हैं। वहीं खराब प्रदर्शन और भ्रष्टाचार की शिकायतों के आधार पर दो से तीन मंत्रियों को हटाया जा सकता है। मंत्रिमंडल फेरबदल में कई मंत्रियों के विभाग भी बदले जाएंगे और 75 पार कर चुके नेताओं को आराम दिया जाएगा। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने प्रदेश स्तर से फीडबैक लेने के बाद अपना होमवर्क पूरा कर लिया है।
मंत्रिमंडल में पश्चिमी यूपी की हिस्सेदारी बढ़ेगी। मंत्रिमंडल में नए चेहरों को मौका देने का मकसद 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को यह संदेश देना भी है कि पार्टी के वफादार कार्यकर्ताओं की अनदेखी नहीं की जाएगी। हाल ही में संपन्न विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने प्रतिष्ठित मिल्कीपुर सीट समेत 10 में से आठ सीटों पर जीत दर्ज की थी।
भाजपा का अगला प्रदेश अध्यक्ष ब्राह्मण समाज से हो सकता है, जिसकी घोषणा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा से पहले हो सकती है। आपको बता दें कि पहले भी ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा के नए अध्यक्ष की घोषणा हो सकती है। दिल्ली में भाजपा ने 27 साल बाद वापसी की है। अब सबकी नजर भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष पर है। वहीं, यूपी प्रदेश अध्यक्ष का नाम भी चौंका सकता है।
भाजपा के जिला अध्यक्षों की सूची भी जल्द जारी होगी। इस पर प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव और महाकुंभ के आयोजन के कारण प्रक्रिया थोड़ी धीमी हो गई थी।
अब जिला अध्यक्षों की सूची जारी करने में कोई दिक्कत नहीं है। उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्षों की सूची बहुत जल्द जारी कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि सूची जारी करने में जो भी बिंदु सामने आए थे, उनका समाधान कर लिया गया है। भाजपा का संगठन सर्वव्यापी और सर्वसमावेशी है। समाज के सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व हमारे पास है।
उन्होंने कहा कि हमारा संगठन ही एकमात्र ऐसा संगठन है जिसमें महिलाओं और अनुसूचित जातियों सहित सभी वर्गों के लिए काम करने के समान अवसर दिए गए हैं और भविष्य में भी इसका ध्यान रखा जाएगा।










Discussion about this post