नई दिल्ली : गर्मी के मौसम में AC-कूलर का इस्तेमाल आम बात है. ये ऐसे होम अप्लायंस हैं जिनका इस्तेमाल गर्मी के सीजन में ज्यादातर घरों में किया जाता है. बटन दबाते ही यह अप्लायंस कमरे में ठंडी हवा फेंकते हैं, जिससे थोड़ी ही देर में पूरा कमरा ठंडा हो जाता है. ये गर्मी से तो निजात दिलाते हैं लेकिन इनके इस्तेमाल से बिजली का बिल बढ़ जाता है, जो कि लोगों के लिए सबसे बड़ी टेंशन होती है. लेकिन, कुछ आसान टिप्स अपनाकर आप अपने बिजली के बिल को कम कर सकते हैं. आइए आपको इनके बारे में बताते हैं.
बिजली बचाने के लिए AC को सही तापमान पर चलाना बहुत जरूरी है. यूजर अपनी जरूरत के हिसाब से एसी के टेम्प्रेचर को सेट कर सकता है. ज्यादातर लोग AC को 18 या 20 डिग्री सेल्सियस पर चलाना पसंद करते हैं. इससे एसी ठंडक तो ज्यादा करता है लेकिन, इससे बिजली बिल बढ़ सकता है. इसके बजाय आप एसी को 24-25 डिग्री सेल्सियस पर चला सकते हैं. यह तापमान आरामदेह भी होता है और बिजली की खपत को कम करता है. हर एक डिग्री तापमान कम करने से बिजली की खपत 6% तक बढ़ सकती है.
कमरे को ठीक से बंद रखना भी बहुत जरूरी होता है, क्योंकि एसी चलाने से वह कूलिंग तो करता है लेकिन, दरवाजा खुला होने से कूलिंग बाहर चली जाती है. इससे एसी को ज्यादा देर तक चलाना पड़ सकता है, जिससे बिजली का बिल बढ़ता है. AC चलाते समय कमरे की खिड़कियां और दरवाजे ठीक से बंद रखें ताकि ठंडी हवा बाहर न निकले. कमरे में धूप आने से रोकने के लिए पर्दे का इस्तेमाल करें.
AC की नियमित रूप से सर्विसिंग कराएं ताकि वह ठीक से काम करे. गंदे फिल्टर AC को ज्यादा मेहनत करने के लिए मजबूर करते हैं, जिससे बिजली की खपत बढ़ सकती है. साथ ही एसी का यूज शुरू करने से पहले उसकी साफ-सफाई और सर्विसिंग करा लें ताकि पूरे सीजन वह अच्छी तरह काम करे.
AC के साथ पंखे का भी इस्तेमाल करें, क्योंकि इससे ठंडी हवा पूरे कमरे में फैल जाती है और साथ ही आपको एसी को देर तक चलाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. कमरा ठंडा होने के बाद आप एसी को बंद कर सकते हैं और पंखे को लगातार चला सकते हैं. इससे कमरा भी ठंडा बना रहेगा और बिजली की बचत भी होगी. इसके साथ ही आप नया एसी खरीद रहे हैं तो एनर्जी-एफिशियंट मॉडल चुनें. 5-स्टार रेटिंग वाले AC कम बिजली की खपत करते हैं.











Discussion about this post