मुज़फ्फरनगर। कोतवाली नगर थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ कर दो कुख्यात चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चार चोरी की कारें और दो अवैध तमंचे बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में से एक आरिफ के खिलाफ 18 और मोहसिन के खिलाफ 7 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरिफ के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मामला चल रहा है।
डीआईजी अभिषेक सिंह के निर्देशन में जिले में सक्रिय वाहन चोरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली नगर पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि दो संदिग्ध चोर रोहन टोल प्लाजा के पास चोरी की गाड़ी बेचने की फिराक में हैं।
सूचना पर सक्रियता दिखाते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और टोल प्लाजा से लगभग 600 मीटर दूर एक खड़ी कार से दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम आरिफ और मोहसिन निवासी मुज़फ्फरनगर बताए। जांच के दौरान जब कार का सत्यापन किया गया तो वह चोरी की निकली।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तीन और चोरी की गाड़ियां बरामद कीं, जिन्हें ये बेचने की फिराक में थे। साथ ही दोनों के पास से दो अवैध तमंचे भी मिले हैं। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने विभिन्न थाना क्षेत्रों से ये वाहन चुराए हैं। संबंधित थाना क्षेत्रों से भी इन वाहनों की पुष्टि की जा रही है और गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन नंबर मोबाइल ऐप के माध्यम से वेरीफाई किए गए हैं।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी इन गाड़ियों को किन लोगों को बेचने वाले थे और इनके पीछे कोई बड़ा गैंग तो सक्रिय नहीं है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।










Discussion about this post