गोवा। गोवा के एक नाइट क्लब में रविवार रात लगी भीषण आग में 25 लोगों की दर्दनाक मौत के बाद हड़कंप मच गया है। घटना के बाद से ही फरार चल रहे क्लब के मालिक सौरभ लूथरा का इस हादसे पर पहला बयान सामने आया है, जिसमें उसने मौतों पर दुख जताया है। इस बीच, गोवा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए क्लब के दोनों मालिकों, सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा की तलाश में एक टीम दिल्ली रवाना कर दी है, जिनके खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है।
मालिक ने सोशल मीडिया पर जताया दुख-
फरार होने के बावजूद, सौरभ लूथरा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उसने लिखा, “नाइट क्लब प्रबंधन इस त्रासदी पर दुखी है और पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता है। दुख की इस घड़ी में हम पीड़ित परिवारों के साथ हैं और मदद के लिए हरसंभव कदम उठाएंगे।”
जांच में सामने आईं बड़ी खामियां-
पुलिस जांच में पता चला है कि नाइट क्लब में सुरक्षा से जुड़ी कई बड़ी खामियां थीं। क्लब में आग से बचाव के नियमों का गंभीर उल्लंघन किया गया और अवैध निर्माण भी पाया गया है। सबसे बड़ी चूक यह थी कि क्लब के एंट्री और एग्जिट गेट बेहद संकरे थे, जिसके कारण आग लगने पर लोग बाहर नहीं भाग सके और भीड़ में फंसकर हादसे का शिकार हो गए।
चूंकि नाइट क्लब बैकवाटर (Backwater) में बना था और केवल एक पतले रास्ते से जमीन से जुड़ा था, इसलिए दमकल की गाड़ियों को आग बुझाने में मुश्किल हुई, जिससे नुकसान ज्यादा हुआ। मरने वालों में 14 क्लब स्टाफ और 11 पर्यटक और अन्य लोग शामिल हैं।
चार प्रबंधक गिरफ्तार, मालिक फरार-
पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए क्लब के चार प्रमुख प्रबंधकों को गिरफ्तार कर लिया है:
राजीव मोदक (मुख्य महाप्रबंधक, 49 वर्ष, निवासी दिल्ली)
विवेक सिंह (महाप्रबंधक, 27 वर्ष, निवासी जौनपुर)
राजीव सिंघानिया (बार प्रबंधक, 32 वर्ष, निवासी गोरखपुर)
प्रियांशु ठाकुर (गेट प्रबंधक, 32 वर्ष, निवासी मालवीय नगर, दिल्ली)
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, क्लब मालिक सौरभ लूथरा गोवा में कम ही दिखाई देता था और कानूनी मामलों में भी प्रतिनिधियों को ही भेजता था। स्टाफ ने भी इस बात की पुष्टि की है कि मालिक महीने में एकाध बार ही क्लब आता था और कर्मचारियों से भी कम बात करता था।











Discussion about this post