मुज़फ्फरनगर। थाना मंसूरपुर क्षेत्र में पूर्व ग्राम प्रधान कुलदीप के हुए सनसनीखेज अपहरण का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर पर्दाफाश कर दिया। अपहरण की यह वारदात सिर्फ फिरौती तक सीमित नहीं थी, बल्कि इसके पीछे हरिद्वार में करोड़ों रुपये की संपत्ति पर कब्जा करने की साजिश थी। एसओजी और मंसूरपुर पुलिस के संयुक्त अभियान में नौला मोड़ पर मुठभेड़ के दौरान छह अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से दो अपराधी गोली लगने से घायल हो गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने प्रेसवार्ता में खुलासा किया कि पूर्व प्रधान कुलदीप का हरिद्वार में 900 गज का एक कीमती प्लॉट है, जिसे लेकर पहले से विवाद चल रहा था। हरिद्वार निवासी प्रॉपर्टी डीलर जनेश्वर ने यह जमीन खरीदने के लिए कुलदीप को एडवांस राशि दी थी, लेकिन जब कुलदीप ने बैनामा करने से इनकार किया तो जनेश्वर ने खुन्नस में यह साजिश रची।
उसने मेरठ के इंचौली क्षेत्र के चार बदमाशों — जॉनी, आदित्य उर्फ लाला, मिलन उर्फ मासूम, और हर्ष मेहरा — को 10 लाख रुपये में सुपारी देकर अपहरण करवाया। अपहरण के बाद बदमाशों ने कुलदीप के परिजनों से एक लाख रुपये की फिरौती भी वसूल ली।
बुधवार रात करीब आठ बजे निजामपुर गांव निवासी कुलदीप को कार सवार बदमाश जबरन उठा ले गए। सूचना मिलते ही मंसूरपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और जल्द ही एसओजी को भी इस अभियान में जोड़ा गया। मोबाइल सर्विलांस और खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने अपहरणकर्ताओं की घेराबंदी की।
गुरुवार देर रात नावला मोड़ पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में दो बदमाश — जॉनी (निवासी नंगली आजमाबाद, थाना इंचौली, मेरठ) और आदित्य उर्फ लाला — घायल हो गए। पुलिस ने अन्य चार आरोपियों — मिलन उर्फ मासूम, हर्ष मेहरा (दोनों निवासी इंचौली, मेरठ), जनेश्वर (निवासी सिडकुल, हरिद्वार) और दिनेश पंडित — को भी मौके से दबोच लिया।
पुलिस ने अपहरण में प्रयुक्त ऑल्टो कार, एक तमंचा, चाकू, मोबाइल फोन, और 12,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। अपहृत कुलदीप को सकुशल मुक्त करा लिया गया है। इस पूरे ऑपरेशन में मंसूरपुर पुलिस और एसओजी टीम ने अहम भूमिका निभाई।
इस सफल कार्रवाई के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने मंसूरपुर थाना प्रभारी सुभाष अत्री और एसओजी टीम की सराहना करते हुए 15,000 रुपये का नकद पुरस्कार घोषित किया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
- जॉनी पुत्र ओमपाल, निवासी ग्राम नंगली आजमाबाद, थाना इंचौली, मेरठ
- आदित्य उर्फ लाला
- मिलन उर्फ मासूम, निवासी इंचौली
- हर्ष मेहरा, निवासी इंचौली
- जनेश्वर, निवासी सिडकुल, हरिद्वार
- दिनेश पंडित
थाना मंसूरपुर टीम: थाना प्रभारी सुभाष अत्री, उपनिरीक्षक देवा सिंह, किशन सिंह, शिखर चौधरी, हेडकांस्टेबल भूपेन्द्र सिंह, अमरदीप सिरोही, राजीव भारद्वाज, संजय कुमार, नितिन कुमार, कांस्टेबल राहुल नागर
एसओजी टीम: उपनिरीक्षक अखिल चौधरी, मोहित चौधरी, अजय गौड, संजय सोलंकी, हैडकांस्टेबल जोगेन्द्र कसाना, कपिल तेवतिया, नितिन मलिक, तरूण पाल, विकास सिरोही










Discussion about this post