मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में डायल 112 पर तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। किठौर कस्बे में पीआरवी बाइक पर तैनात एक कांस्टेबल और होमगार्ड ड्यूटी के दौरान बिजली घर में सोते मिले। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है और होमगार्ड के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की है।
घटना 30 मई की रात की है जब एसएसपी के निर्देश पर डायल 112 की टीम ने औचक निरीक्षण शुरू किया। जांच के दौरान किठौर क्षेत्र में तैनात पीआरवी बाइक टीम के कांस्टेबल पंकज कुमार और होमगार्ड उम्मेद को ड्यूटी स्थल पर न पाकर, उन्हें निकटवर्ती बिजलीघर में सोते हुए पाया गया। उनकी पीआरवी बाइक भी वहीं खड़ी मिली।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने मामले की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही होमगार्ड उम्मेद के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए जिला होमगार्ड कमांडेंट को पत्र भेजा गया है। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसएसपी ने कहा कि इस तरह की लापरवाही पुलिस विभाग की साख को नुकसान पहुंचाती है और आम जनता का भरोसा कमजोर करती है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।











Discussion about this post