मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में लोहियानगर थाना क्षेत्र के न्यू इस्लामनगर मोहल्ले में चोरी की बिजली का तार काटते हुए पांच भाइयों को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी मौके से फरार हो गया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों की महिलाओं ने पुलिस से हाथापाई की और पुलिसकर्मियों का कॉलर पकड़कर धक्का-मुक्की की। हालांकि, दूसरे थानों से फोर्स बुलाए जाने के बाद महिलाएं मौके से फरार हो गईं।
लोहियानगर थाना पुलिस को रविवार रात सूचना मिली कि न्यू इस्लामनगर निवासी भूरा अपने भाई साजिद, नदीम, नसीम, नाजिम और सलमान के साथ मकान की छत पर चोरी किए गए बिजली के तार को कटर से काट रहा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो भूरा छत से कूदकर फरार हो गया, जबकि पांचों भाइयों को मौके से हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने भूरा के घर के बाहर खड़े एक ऑटो की तलाशी ली तो उसमें लाउडस्पीकर के नीचे चोरी किया हुआ तार बरामद हुआ। घर की तलाशी में भी भारी मात्रा में तार बरामद हुआ है। पुलिस ने दो ऑटो में भरकर तारों को थाने भेजा है।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के परिवार की महिलाओं ने पुलिसकर्मियों से उलझते हुए कॉलर पकड़ लिया और हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने अन्य थानों से फोर्स बुलाया, जिसके बाद महिलाएं मौके से भाग निकलीं।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और फरार आरोपी भूरा की तलाश के लिए पुलिस दबिश दे रही है।











Discussion about this post