मुजफ्फरनगर। रतनपुरी थाना क्षेत्र के मथेड़ी गांव निवासी एक लाख रुपये के इनामी बदमाश सुशील मूंछ और उसके बेटे मंजीत सिंह उर्फ टोनी पर जनवरी माह में रियल एस्टेट मैनेजर मनीष से व्हाट्सएप कॉल के जरिए दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का आरोप है। मनीष ने इस मामले में मंसूरपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें कहा गया था कि दो करोड़ रुपये की फिरौती न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी।
इस मुकदमे में सुशील मूंछ, उसके दोनों बेटों मनजीत सिंह उर्फ टोनी व अक्षयजीत उर्फ मोनी को नामजद कराया गया था, जिसमें पुलिस मोनी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इस मामले में सुशील मूंछ व उसके बेटे मनजीत सिंह उर्फ टोनी पुलिस के हाथ नहीं लग पा रहे हैं और दोनों की फरारी के चलते अब पुलिस कुर्की वारंट लेने के प्रयास में है।
इस संबंध में एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत का कहना है कि अगर आठ मई तक दोनों कोर्ट में हाजिर नहीं हुए तो पुलिस कोर्ट से आदेश लेकर संपत्ति कुर्क करने की तैयारी कर रही है। कुर्की की उद्घोषणा के नोटिस भी उनके घर पर चस्पा कर दिए हैं। पुलिस की तीन टीमें दोनों को तलाश करने में जुटी है।










Discussion about this post