मुजफ्फरनगर : चरथावल कस्बे में अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाकर करीब 4 से 5 लाख रुपए के कीमती गहने चुरा लिए। ये घटना रविवार को तब हुई जब गृह स्वामी और उनका परिवार सहारनपुर जिले के देवबंद में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। चोरों ने छत के रास्ते घर में प्रवेश किया और पूरे मकान को खंगाल डाला।
शादी में गए थे पीड़ित, लौटने पर दिखा चोरी का मंजर पीड़ित गृह स्वामी मोहम्मद सालिम पुत्र अब्दुल्ला, निवासी मोहल्ला तगायान मुस्लिम, कस्बा चरथावल, ने बताया कि रविवार को सुबह 11 बजे उनका परिवार घर पर ताला लगाकर देवबंद थाना इलाके के अम्बेहटा शेख में रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने गया था।
शाम करीब 7 बजे जब वे घर लौटे तो उन्हें चोरी का पता चला। मोहम्मद सालिम ने बताया कि ताला खोलकर घर में प्रवेश करने की कोशिश की, लेकिन मुख्य दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण नहीं खुला। यह देखकर उन्हें शक हुआ।
पड़ोसी की मदद से खुला दरवाजा शक होने पर मोहम्मद सालिम ने पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। एक पड़ोसी ने अपनी छत के रास्ते पीड़ित के घर की छत पर पहुंचकर अंदर प्रवेश किया और अंदर से लगी कुंडी को खोला। इसके बाद परिवार घर में दाखिल हुआ, लेकिन अंदर का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए।
चोरों ने पूरे घर में खलबली मचा रखी थी। सामान बिखरा पड़ा था, अलमारी का ताला टूटा हुआ था और उसमें रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरात गायब थे। पीड़ित के अनुसार, चोर करीब 4 से 5 लाख रुपये कीमत के गहने चुरा ले गए।
पुलिस ने शुरू की जांच चोरी की सूचना मिलते ही चरथावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज किए और जांच शुरू कर दी। मोहम्मद सालिम ने पुलिस को तहरीर सौंपकर अज्ञात चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों की मदद से चोरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।











Discussion about this post