भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच गुजरात के गृह मंत्री हर्ष सांघवी ने शनिवार को गांधीनगर स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक का उद्देश्य राज्य की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा करना था। इससे पहले केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बताया कि जम्मू-कश्मीर, पंजाब, चंडीगढ़, राजस्थान और गुजरात के सीमावर्ती इलाकों में स्थित वैज्ञानिक और तकनीकी संस्थानों की सुरक्षा को मजबूत किया जा रहा है। इसके साथ ही श्रीनगर और लेह स्थित भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के महत्वपूर्ण केंद्रों की सुरक्षा भी बढ़ाई जाएगी।
आपको बता दें कि यह जानकारी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान में दी गई, जिसमें बताया गया कि आज एक उच्च स्तरीय बैठक में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की गई। इस बैठक में देश के वैज्ञानिक और तकनीकी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। बैठक में विशेष तौर पर सीमावर्ती और संवेदनशील क्षेत्रों जैसे जम्मू-कश्मीर, पंजाब, लद्दाख और भारत के उत्तर-पश्चिमी इलाकों में स्थित अनुसंधान संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।
संघर्ष विराम के उल्लंघन को लेकर विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि भारत और पाकिस्तान के डीजीएमओ के बीच पिछले कुछ दिनों से चल रही कार्रवाई को रोकने का समझौता शनिवार शाम हुआ था। पिछले कुछ घंटों से इस समझौते का पाकिस्तान की ओर से घोर उल्लंघन हो रहा है। भारतीय सेना जवाबी कार्रवाई कर रही है और इस सीमा अतिक्रमण से निपट रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले भारत पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम की पुष्टि विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने की थी। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा था कि पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशक (डीजीएमओ) ने शनिवार दोपहर 3:35 बजे भारतीय डीजीएमओ को फोन किया। उनके बीच यह सहमति बनी कि दोनों पक्ष भारतीय मानक समयानुसार 1700 बजे से ज़मीन, हवा और समुद्र में सभी तरह की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई बंद कर देंगे।











Discussion about this post