शामली। जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं स्कूल वाहन परिवहन सुरक्षा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय में आयोजित की गई। सड़क हादसों को रोकने के उद्देश्य से आयोजित बैठक में डीएम ने एजेंडा बिंदुओं के अनुसार अधिकारियों से समीक्षा करते हुए कई जरूरी निर्देश जारी किए।
डीएम चौहान ने ब्लैक स्पॉट, स्पीड ब्रेकर व संकेतकों की स्थापना पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जहां भी सड़क दुर्घटनाओं की संख्या अधिक है, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्यवाही की जाए। इसके साथ ही उन्होंने अतिक्रमण हटाने की दिशा में भी ठोस कदम उठाने को कहा।
बैठक में बनत बाईपास और बलवा बाईपास पर प्रस्तावित फ्लाईओवर के कार्य को तेज गति से पूर्ण करने के निर्देश एनएचएआई को दिए गए। बलवा बाईपास पर हाई मास्ट लाइट सुधारने के लिए भी कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही यातायात नियमों का पालन न करने वालों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार तिवारी, अधिशासी अभियंता लो.नि.वि., सहायक अभियंता दीपेंद्र जायसवाल, एआरटीओ रोहित राजपूत सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
इसी के साथ सड़क सुरक्षा बैठक के बाद जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विद्यालयीय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसकी रिपोर्ट एआरटीओ (प्रशासन) रोहित राजपूत ने प्रस्तुत की। डीएम चौहान ने कहा कि जनपद के सभी विद्यालय वाहन सुरक्षा के मानकों का पूरी तरह पालन करें।
जिलाधिकारी द्वारा दिए गए मुख्य निर्देश:
- विद्यालय यान का रंग पीला अनिवार्य होगा।
- केनवास हुड वाले या खुली बॉडी वाले वाहन मान्य नहीं होंगे।
- वाहन में टिफिन/बैग रखने के लिए वाहक, फर्स्ट एड बॉक्स, 5 किग्रा का BIS मार्क अग्निशामक यंत्र और सभी सीट बेल्ट होना अनिवार्य।
- प्रेशन हॉर्न या मल्टी-टोन हॉर्न पर पूरी तरह प्रतिबंध।
- वाहन में गति सीमक यंत्र (स्पीड गवर्नर) लगाया जाए ताकि गति 40 किमी प्रति घंटे से अधिक न हो।
- सभी विद्यालय वाहनों में GPS ट्रैकर और CCTV कैमरा अनिवार्य होगा।
- ड्राइवर और परिचालक को यूनिफॉर्म में रहना होगा।
- विद्यालय परिसर में बच्चों के चढ़ने-उतरने के लिए सुरक्षित स्थान निर्धारित होना चाहिए।
- नर्सरी के बच्चों को केवल प्राधिकृत व्यक्ति को ही सौंपा जाए। अभिभावक के न आने की स्थिति में उन्हें विद्यालय में रोका जाए।
जिलाधिकारी ने सभी विद्यालयों को इन दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा है। जल्द ही निरीक्षण कर अनुपालन की रिपोर्ट मांगी जाएगी।











Discussion about this post