मुज़फ्फरनगर। मुजफ्फरनगर जिला कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने जिले के होनहार खिलाड़ियों को माला पहनाकर और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। इन युवाओं की जीत सिर्फ पदकों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे जिले की उम्मीदों की उड़ान है।
शामली की निपम चौहान ने प्रयागराज में आयोजित प्रतियोगिता में 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक और 200 मीटर में रजत पदक जीतकर न केवल शामली बल्कि पूरे मुज़फ्फरनगर का सिर गर्व से ऊँचा कर दिया। जिलाधिकारी ने उनकी उपलब्धि पर गर्व जताते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
जिला क्रीड़ा अधिकारी भूपेंद्र सिंह यादव ने बताया कि जिले के तीन अन्य खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया है। वंशिका ने 58 किलो कुश्ती भार वर्ग में कांस्य पदक, इशिका ने स्कूल नेशनल में और जया ने स्टेट स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर जिले की झोली पदकों से भर दी है।
खिलाड़ियों की प्रेरणा और जोश को देखते हुए जिला क्रीड़ा प्रभारी ने ऐलान किया कि जल्द ही स्टेडियम में नया ट्रैक लगाया जाएगा, जिससे युवाओं को और बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
निपम चौहान ने भावुक होकर बताया कि उनकी शुरुआती ट्रेनिंग मुज़फ्फरनगर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुई थी और कोच मेजर व शुभम ने हमेशा उनका हौसला बढ़ाया। अब उनकी नजरें जूनियर नेशनल चैंपियनशिप पर टिकी हैं, जिसकी तैयारी उन्होंने शुरू कर दी है।
यह सम्मान केवल एक आयोजन नहीं था, बल्कि युवाओं को दिए गए उस भरोसे का प्रतीक है कि मेहनत करने वालों का साथ शासन-प्रशासन भी जरूर देता है।










Discussion about this post