मुज़फ्फरनगर। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित समीक्षा अधिकारी एवं सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा–2025 को नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने जिला पंचायत सभागार में संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों, प्रबंधकों एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, फर्जीवाड़ा या अनुचित गतिविधि की शिकायत मिलते ही सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश देते हुए कहा कि पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि परीक्षा शांति व अनुशासन के साथ संपन्न हो सके।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत तथा सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बताया गया कि यह परीक्षा 27 जुलाई को जनपद के 28 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। सभी केंद्र व्यवस्थापकों को ट्रेनिंग भी दी गई, ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी या प्रबंधन संबंधी समस्या उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा से पहले केंद्रों की भौतिक जांच कर ली जाए और किसी भी आपात स्थिति के लिए समुचित व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए।










Discussion about this post