मेरठ। मेरठ के मुंडाली थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव बढ़ला कैथवाड़ा में घुडचढ़ी के दौरान घर के सामने अश्लील डांस करने का विरोध करने पर कुछ लोगों ने कोशिंद्र की सीने में चाकू मार कर हत्या कर दी। दूल्हे के पिता समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस हमलावरों की तलाश में लगी है।
एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा के अनुसार रविवार देर रात राजेश के लड़के शिवम की घुड़चड़ी हो रही थी। आरोप है कि घुड़चड़ी के दौरान अश्लील डांस किया जा रहा था। जब डांस करने वाले हंसराज और कोशिंद्र के मकान के सामने पहुंचे, तो उन्होंने अश्लील डांस का विरोध किया।
बताया गया कि इसी बात को लेकर कहा-सुनी हो गई, जिसमें आरोपियों ने लाठी डंडों और चाकू से कोशिंद्र पर हमला किया। उसके सीने में चाकू घोंप दिया। कोशिंद्र को गंभीर अवस्था में मेरठ के न्यूट्रिमा अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
एसपी देहात ने बताया कि इस संबंध में मृतक के भाई हंसराज की ओर से संदीप, प्रदीप पुत्रगण रिशिपाल, मुकेश किरणपाल, राजेश पुत्रगण नरवीर और निर्भय पुत्र मुकेश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है पुलिस नामजद हमलावरों की तलाश में लगी हुई है।











Discussion about this post