मेरठ। लापता बेटी की तलाश कर रहे परिजनों ने मंगलवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर थाना पुलिस के खिलाफ जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि थाना पुलिस उनकी नाबालिग बेटी को बरामद करने का कोई प्रयास नहीं कर रही है।
मामला थाना किला परीक्षितगढ़ क्षेत्र के एक गांव का है। गांव निवासी एक व्यक्ति ने मंगलवार को अपने परिवार के साथ एसएसपी कार्यालय में अपनी नाबालिग बेटी की बरामदगी के लिए गुहार लगाई। पीड़ित पिता और परिवार का आरोप है कि चार दिन पहले उनकी नाबालिग बेटी को गांव का युवक सोनू ने बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। इसके लिए थाना पुलिस को जानकारी दी गई थी लेकिन इसके बाद भी पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। पिता का कहना था कि उनकी बेटी आरोपी के पास मजदूरी का काम करती थी। चार दिन पहले वह संदिग्ध हालात में लापता हो गई। परिजनों ने थाना पुलिस को सूचना दी थी और बताया था कि आरोपी घर से सोने-चांदी के जेवर और करीब दो लाख रुपये नकद भी लेकर गया है।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने मंगलवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर हंगामा किया और थाना पुलिस के खिलाफ शिकायत सौंपी। उन्होंने गुहार लगाई कि उनकी बेटी को जल्द बरामद किया जाए और आरोपी पर सख्त कार्रवाई हो। पीड़ितों की शिकायत सुनने के बाद एसएसपी डॉक्टर विपिन ताडा ने तत्काल संबंधित थाना पुलिस को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।











Discussion about this post