मुजफ्फरनगर। रुड़की रोड स्थित एक ई-रिक्शा पार्ट्स की दुकान में सुबह शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही दुकान मालिक मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने समय रहते मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
दुकान स्वामी नीटू ने रॉयल बुलेटिन को जानकारी देते हुए बताया कि उनकी दुकान रुड़की रोड पर स्थित है। सुबह-सवेरे जब उन्हें दुकान में आग लगने की सूचना मिली तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
नीटू ने बताया कि आग की घटना में बैटरियां और ई-रिक्शा चार्जर समेत करीब डेढ़ से दो लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि समय रहते आग बुझा दी गई, जिससे और बड़ा नुकसान होने से बच गया।
फायर ब्रिगेड अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। दुकान के आसपास के इलाकों में किसी प्रकार की जनहानि या अन्य संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचा है।










Discussion about this post