मीरापुर। गंगा बैराज के पास रावली मार्ग स्थित तटबंध पर तेज़ रिसाव ने प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया है। मिट्टी के कटान से तटबंध का आधे से अधिक हिस्सा कमजोर हो चुका है और किसी भी वक्त टूटने की आशंका जताई जा रही है।
यदि तटबंध टूटा तो नवलपुर बंगाली कॉलोनी, हेमराज बंगाली कॉलोनी, घासीपुर, धर्मनगरी, चांदपुर बंगाली कॉलोनी, नवलपुर बैराज, जीवनपुरी और रामपुर ठाकरा सहित कई गांवों और हजारों एकड़ फसल पर बाढ़ का खतरा मंडराएगा।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने दो दिन पहले ही तटबंध की खराब स्थिति की जानकारी प्रशासन को दी थी, लेकिन समय रहते कदम न उठाए जाने से हालात बिगड़ गए। अब स्थिति गंभीर होते ही प्रशासन ने युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है।
प्रशासन की तात्कालिक कार्रवाई
मौके पर जेसीबी मशीनें और श्रमिक लगाए गए
पेड़, पत्थर, जाल और रेत के कट्टे डालकर रिसाव रोकने की कोशिश
बिजनौर बैराज मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन बंद
एसपी सिटी बिजनौर और एसडीएम जानसठ जयेंद्र सिंह ने मौके पर पहुँचकर हालात का जायजा लिया
आसपास के गाँवों में दहशत का माहौल है। किसानों का कहना है कि बाढ़ आने की स्थिति में उनकी फसल पूरी तरह बर्बाद हो जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि राहत शिविर और वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था पहले से की जाए।










Discussion about this post