मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग मुजफ्फरनगर द्वारा शुक्रवार को कांवड़ मार्ग पर सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। यह अभियान आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ के निर्देश एवं जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर के आदेश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) अर्चना धीरान व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिव कुमार मिश्रा के नेतृत्व में संचालित किया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा कांवड़ शिविरों, होटल-ढाबों और रेस्टोरेंट्स का निरीक्षण करते हुए स्वच्छता, शुद्धता, हाइजीन और खाद्य मानकों के पालन हेतु व्यापारियों को निर्देशित किया गया। इस दौरान फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप के माध्यम से व्यापारियों को जोड़ा गया और सभी प्रतिष्ठानों पर रेट लिस्ट चस्पा कराई गई ताकि श्रद्धालुओं को उचित मूल्य पर खाद्य सामग्री मिल सके।
जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स वैन के माध्यम से मौके पर ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच की गई। जांच में गड़बड़ी पाए जाने पर तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान मुस्कान स्वीट्स, भोपा से बर्फी एवं बूंदी का लड्डू, प्रजापति किराना, मोरना से लाल मिर्च पाउडर व सेंधा नमक, मूलचंद किराना, जानसठ से काली मिर्च और मित्तल किराना, भोपा से सौंफ व दालचीनी के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए। रिपोर्ट आने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य विभाग द्वारा आमजन को सलाह दी गई कि वे केवल एफएसएसएआई पंजीकृत दुकानों से ही खाद्य सामग्री खरीदें और किसी भी प्रकार की शिकायत फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप या स्थानीय कार्यालय के माध्यम से करें।










Discussion about this post