मुजफ्फरनगर। बिजली विभाग ने बकाया बिल वसूली अभियान के तहत सख्ती बढ़ा दी है। शनिवार को जिले के नारा और संधावली गांव में बड़ी कार्रवाई करते हुए 28 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए गए। ये सभी उपभोक्ता लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं कर रहे थे।
बिजली विभाग की टीम ने मौके पर पूर्व में काटे गए कनेक्शनों की जांच भी की, जिसमें 9 उपभोक्ता अवैध रूप से बिजली उपयोग करते पाए गए। विभाग ने इन सभी के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। अधिकारियों ने दो टूक चेतावनी दी है कि अवैध रूप से बिजली इस्तेमाल करने वालों को किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
इस दौरान बिजली विभाग ने उन उपभोक्ताओं को भी अल्टीमेटम दिया है, जिन्होंने अपने बकाया बिल की किस्तें बनवा रखी हैं। विभाग ने स्पष्ट किया कि यदि उपभोक्ताओं ने इस माह के भीतर अपनी पूरी बकाया राशि जमा नहीं की, तो उनकी किस्त योजना रद्द कर दी जाएगी। इसके बाद उनके अगले बिल में पूरा ब्याज जोड़कर वसूला जाएगा, जिससे बिल की राशि और अधिक बढ़ जाएगी।
बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय पर बिल जमा करें, ताकि किसी भी तरह की असुविधा, कनेक्शन कटने या कानूनी कार्यवाही से बचा जा सके। विभाग ने यह भी साफ कर दिया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और बकायेदारों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाते रहेंगे।










Discussion about this post