मेरठ। यूपी के मेरठ के सरधना में कांवड़ यात्रा के बीच सोमवार को मेरठ जिले के सरधना क्षेत्र में गंग नहर में एक के बाद एक चार अज्ञात शव तैरते दिखाई दिए। शव अटेरना पुलिस चौकी और सरधना गंग नहर पुल के पास देखे गए, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने जब शवों को गंगनहर में बहते देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन थाना प्रभारी मौके पर आकर केवल भीड़ हटाकर चले गए, शवों को बाहर निकालने का कोई प्रयास नहीं किया गया।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि पुलिस का यही रवैया पहले भी रहा है। पिछले सप्ताह भी मानपुरी गांव, सरधना पुल और अहमदाबाद के पास इसी तरह तीन शव गंगनहर में बहते हुए मिले थे, जिनका जिम्मा एक थाने से दूसरे थाने पर डालकर औपचारिकता निभा दी गई।
अब लगातार शव मिलने और पुलिस की निष्क्रियता से जनता में भारी नाराजगी है। कई लोगों ने यह भी बताया कि हाल में युवक-युवती के शव भी कांवड़ियों जैसे वस्त्रों में मिले थे, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह केवल दुर्घटना या आत्महत्या नहीं, बल्कि कहीं न कहीं कांवड़ यात्रा की सुरक्षा में बड़ी चूक भी हो सकती है। लोगों की मांग है कि शवों की शिनाख्त कराकर मामले की गहन जांच की जाए।
पुलिस की ओर से अब तक शव निकालने या शिनाख्त की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे न केवल कांवड़ यात्रा की सुरक्षा पर प्रश्नचिह्न लगा है, बल्कि प्रशासन की कार्यशैली पर भी।











Discussion about this post