मेरठ। कंकरखेड़ा थाना पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में रेलवे ट्रैक से पेंड्रोल क्लिप चोरी करने वाले चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया रेलवे का सामान भी बरामद किया है।
डीएफसी रेल पथ, न्यू मेरठ कैंट यार्ड क्षेत्र में पैनड्रॉल क्लिप चोरी की घटना सामने आई थी। इस मामले में संतोष कुमार, सहायक परियोजना प्रबंधक (सिविल), डीएफसी न्यू सकौती की तहरीर पर थाना कंकरखेड़ा में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस और स्वाट टीम ने गहन जांच के बाद कार्रवाई करते हुए शाहिद पुत्र बाशी, निवासी ग्राम पूठखास, थाना रोहटा मेरठ और अर्जुन पुत्र राजकुमार, निवासी झिंझौकर, थाना कंकरखेड़ा मेरठ को दो अन्य सहयोगियों के साथ अरनावली मोड़ के पास गिरफ्तार किया। उनके पास से रेलवे ट्रैक से चोरी की गई पैनड्रॉल क्लिप्स बरामद की गईं।
पुलिस पूछताछ में अर्जुन ने बताया कि उन्होंने यह सामान न्यू मेरठ रेलवे कैंट के पास बने ट्रैक से चोरी किया था। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि इससे पहले भी वे रेलवे से चोरी किया गया सामान शाहिद कबाड़ी को बेच चुके हैं। आज भी वे वही माल बेचने के लिए शाहिद कबाड़ी के पास जा रहे थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।











Discussion about this post