गढ़मुक्तेश्वर : एडीजी ने कहा कि स्नानार्थियों की सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक न हो पाए। गंगा घाट पर लगातार पुलिसकर्मी गश्त करें और संदिग्धों पर नजर रखें।
गंगानगरी ब्रजघाट में ज्येष्ठ गंगा दशहरा पर्व पर आने वाले श्रद्धआलुओं की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए मंगलवार को एडीजी भानु भास्कर और डीआईजी कलानिधि नैथानी ने निरीक्षण किया। जिसके बाद नेशनल हाईवे पर जाम से बचाव के लिए पार्किंग की व्यवस्था भी देखी। एडीजी ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक होने पर अधिनस्थों को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
एडीजी मेरठ जोन और डीआईजी ने सबसे पहले नाव में बैठकर गंगा घाटों पर लगाई गईं जैट्टी और अस्थायी बैरिकेडिंग का निरीक्षण किया। इसके अलावा गंगा घाट पर स्नान के दौरान तैनात रहने वाले निजी गोताखोरों और नाविकों से वार्ता की। दोनों अधिकारियों ने श्रद्धालुओं को गहरे जल में जाने से रोकने और डूबने की घटना होने पर बचाव के उपकरण देखे।
इस दौरान एडीजी ने कहा कि स्नानार्थियों की सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक न हो पाए। गंगा घाट पर लगातार पुलिसकर्मी गश्त करें और संदिग्धों पर नजर रखें। इसके अलावा दोनों अधिकारियों ने एसपी ज्ञानंज्य सिंह, एएसपी विनीत भटनागर, सीओ वरूण मिश्रा व मेले में तैनात अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को साथ लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग पलवाड़ा रोड व अन्य स्थानों पर बनाई गईं अस्थायी वाहन पार्किंगों का निरीक्षण किया। डीआईजी ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसी भी दशा में वाहनों को खड़ा नहीं होने दिया जाए। वहीं, खराब होने वाले वाहनों को हटाने के लिए क्रेन की व्यवस्था की जाए।
गंगा दशहरा मेले पर आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षा के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पीएसी वाहिनी समेत निजी गोताखोरों की टीम मौजूद रहेंगी। इसके अलावा 10 नाव भी घाटों पर लगातार गश्त करेंगी।
अधिक श्रद्धालुओं की पहुंचने की संभावना के कारण नौ अस्थायी वाहन पार्किंग बनाई गई हैं, वहीं दो स्थायी पार्किंग तैयार की गई हैं। जिससे जाम मुक्त मेला बनाया जा सके।
सीओ वरूण मिश्रा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर और भीड़ को नियंत्रण करने के लिए स्नान घाटों पर 15 प्वाइंट तैयार किए गए हैं। जहां पर पुलिस और गोताखोरों की टीम मौजूद रहेगी। गंगानगरी में दो खोया-पाया केंद्र तैयार किए गए हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग और पालिका की टीम मौजूद रहेगी। ब्रजघाट में दमकल विभाग के वाहन और टीम भी मुस्तैद रहेगी।











Discussion about this post