मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के गऊशाला रोड स्थित आवास में चोरों ने मथुरा में तैनात महिला उप निरीक्षक सुशीला कुमार के घर से लाखों रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। चोरी गई संपत्ति में नकदी, सोने-चांदी के आभूषण शामिल हैं। घटना के समय मकान खाली था, क्योंकि सुशीला का बेटा मां से मिलने मथुरा गया हुआ था।
जानकारी के अनुसार, गऊशाला रोड निवासी सुशीला कुमार वर्तमान में मथुरा जिले में उप निरीक्षक के पद पर तैनात हैं। उनके मकान में ऊपरी हिस्से पर ताला बंद था, जबकि निचले हिस्से में किराएदार रह रहा था। सुशीला का बेटा अभय चौधरी 27 अगस्त को मथुरा चला गया था। इसी दौरान चोरों ने मौका पाकर ताले तोड़ दिए और घर से करीब 38 हजार रुपये की नकदी, सात ग्राम की दो सोने की अंगूठी, 12 ग्राम की सोने की चेन, पांच ग्राम की झुमकी और लगभग 25 तोले की चार चांदी की पायल चोरी कर ली।
घटना का खुलासा तब हुआ जब सुशीला का बड़ा बेटा घर लौटा और कमरे का ताला टूटा पाया। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची शहर कोतवाली पुलिस ने जांच की और बाद में सुशीला कुमार की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।










Discussion about this post