मुजफ्फरनगर। थाना नई मंडी क्षेत्र के मुख्य डाकघर के पास स्थित सीसीटीवी कैमरों की दुकान में बुधवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में दुकान में रखा लाखों रुपये कीमत का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि समय रहते फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
नई मंडी थाना क्षेत्र के मोहल्ला पटेलनगर निवासी अनुभव कंसल के घर के नीचे यह दुकान थी। मंगलवार रात दुकान बंद करने के बाद अनुभव घर चले गए थे। सुबह जब लोगों ने दुकान से धुआं उठता देखा, तो तुरंत उन्हें सूचना दी। मौके पर पहुंचकर अनुभव ने देखा कि पूरी दुकान धधक रही है।
सुबह करीब 8 बजे फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। एफएसओ आर.के. यादव टीम के साथ पहुंचे और तीन फायर टेंडरों की मदद से आग बुझाने का कार्य शुरू किया। धुआं ज्यादा होने के कारण दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन अंततः आग पर काबू पा लिया गया।
फायर विभाग की प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का कारण बताया गया। व्यापारी अनुभव कंसल ने कहा कि अचानक हाई वोल्टेज आने से शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे दुकान जल उठी। इस हादसे में लाखों का सामान नष्ट हो गया है। घटना से व्यापारी वर्ग में दहशत और आक्रोश है।










Discussion about this post