मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) 2025 की तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक बुधवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्र की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा के सुचारु संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि छह और सात सितंबर को जनपद के 22 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। दोनों दिन दो पालियों में परीक्षा होगी—पहली पाली प्रातः 10 से 12 बजे तक और दूसरी पाली अपराह्न 3 से 5 बजे तक। कुल चार पालियों में 40,320 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जिनमें प्रत्येक पाली में 10,080 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोग से प्राप्त दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए। परीक्षा केंद्रों पर विद्युत, पंखे, कुर्सियां, मेज, खिड़कियां और छतों की समय रहते जांच हो, बरसात के मौसम को देखते हुए मरम्मत का कार्य पूरा कराया जाए। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, बायोमेट्रिक और बैगेज जांच की व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन ले जाना प्रतिबंधित रहेगा और केवल ड्यूटी पास धारक कर्मचारियों को ही प्रवेश मिलेगा। साथ ही पुलिस विभाग को पर्याप्त बल की तैनाती के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट पंकज कुमार राठौर, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, कार्यदायी संस्था समेत सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।










Discussion about this post