मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी के ‘एसआईआर’ (SIR) समीक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को रुड़की रोड स्थित एक बैंकट हॉल में सदर विधानसभा की अहम बैठक संपन्न हुई। इस दौरान सपा नेताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया और भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर वोट सुरक्षित करने का आह्वान किया।
भाजपा और चुनाव आयोग पर साधा निशाना-
मुख्य अतिथि और सपा के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद हरेंद्र सिंह मलिक के साथ अभियान प्रभारी प्रो. भुवन जोशी ने कहा कि भाजपा के इशारे पर मतदाताओं को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग का मौजूदा अभियान वोट बढ़ाने के बजाय पात्र मतदाताओं को मानसिक पीड़ा देने वाला साबित हो रहा है।
नोटिस के नाम पर उत्पीड़न के खिलाफ सड़क पर उतरेगी सपा-
सपा के राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा और जिलाध्यक्ष ज़िया चौधरी एडवोकेट ने कड़े तेवर दिखाते हुए कहा कि जिन मतदाताओं ने सही तरीके से फॉर्म भरे हैं, उन्हें बेवजह कागजात के लिए नोटिस जारी करना गलत है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी भी जाति या धर्म के मतदाता को डराने या वोट काटने के उद्देश्य से परेशान किया गया, तो समाजवादी पार्टी चुप नहीं बैठेगी और सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी।
मुद्दों से ध्यान भटका रही है सरकार: बॉबी त्यागी
महानगर अध्यक्ष बॉबी त्यागी और साजिद हसन ने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई, बेरोजगारी और शिक्षा जैसे असल मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए उन्हें एसआईआर जैसे जटिल चक्रव्यूह में उलझा रही है। उन्होंने कहा कि सपा का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे को बचाना और हर गरीब-मजदूर के वोट के अधिकार की रक्षा करना है।
प्रमुख पदाधिकारियों की मौजूदगी-
बैठक में प्रदेश सचिव चौधरी इलम सिंह गुर्जर, वसी अंसारी एडवोकेट, असद पाशा, इलम सिंह, प्रभा यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने संकल्प लिया कि वे प्रशासन की हर गलत कार्रवाई का डटकर मुकाबला करेंगे।










Discussion about this post