मुजफ्फरनगर। मोरना, प्रेम विवाह के बाद नवदम्पत्ति को लगातार धमकियां मिल रही हैं। रविवार देर रात आरोपी तमंचा लेकर उनके घर में घुस आया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। घटना से डरे-सहमे पति-पत्नी ने पुलिस से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की है।
ककरौली थाना क्षेत्र के गांव खुजेड़ा निवासी मोनिका ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने गांव के ही युवक से प्रेम विवाह किया है। इसके बाद से ही उन्हें धमकियां मिल रही हैं। पीड़िता ने बताया कि 26 अगस्त को थाना क्षेत्र गांव नाईपुरा निवासी एक युवक ने फोन पर गाली-गलौच करते हुए उसे और उसके पति को गोली मारने तथा टुकड़े-टुकड़े कर नहर में फेंकने की धमकी दी थी।
आरोप है कि बीते रविवार रात आरोपी हाथ में तमंचा लेकर घर में घुस आया और जान से मारने की धमकी देने लगा। परिजनों के इकट्ठा होते ही आरोपी वहां से भाग निकला। यही नहीं, आरोपी ने तमंचे के साथ अपना फोटो और धमकी देने का ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है।
पीड़ित दंपत्ति ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए अपनी जान को खतरा बताया है। पुलिस ने बताया कि पीड़िता से तहरीर प्राप्त हुई है, मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।










Discussion about this post