आगरा : अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ताज की खूबसूरती पर फिदा हो गए। करीब डेढ़ घंटे तक वे ताजमहल में रहे। इस दौरान उन्होंने पत्नी और बच्चों संग फोटोग्राफी भी कराई।
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने अपने परिवार के साथ ताजमहल का दीदार किया। उन्होंने अपनी पत्नी उषा और तीनों बच्चे विवेक, इवान, मीराबेल के साथ डायना बेंच पर बैठकर फोटो खिंचवाईं। वेंस अपनी बेटी को गोद में लेकर ताजमहल परिसर में घूमें। उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने करीब डेढ़ घंटे तक परिवार के साथ मोहब्बत की इमारत का दीदार किया। इस दौरान उन्होंने विजिटर बुक में लिखा कि ताजमहल वास्तव में अद्भुत है। सच्चे प्यार, मानवीय सरलता और भारत की महान संस्कृति के प्रति श्रद्धांजलि का प्रमाण…धन्यवाद।
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस अपने परिवार के साथ सुबह करीब 10.15 बजे ताजमहल पहुंचे। ताजमहल परिसर में पहुंचते ही अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के चेहरे पर अलग ही मुस्कान दिखाई दी। मानो वो ताज की खूबसूरती को शब्दों में बयां नहीं कर पा रहे थे। उन्होंने अपनी पत्नी और बच्चों के साथ डायना बेंच पर फोटो खिंचवाए। इस दौरान वेंस का पूरा परिवार भारतीय रंग में रंगा नजर आया। दोनों बेटे एक जैसे पारम्परिक कुर्ता पायजामा पहने हुए दिखाई दिए, वहीं बेटी ने लहंगा, चोली पहनी हुई थी।
अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस बुधवार को ताजमहल का दीदार करने के लिए परिवार के साथ आगरा पहुंचे। पहली बार भारत यात्रा पर आए अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस को राज्य अतिथि का दर्जा दिया गया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस और उनके परिवार का गर्मजोशी के साथ पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
अमेरिकी उपराष्ट्र्पति जेडी वेंस अपने राजकीय स्पेशल विमान से सुबह 9.15 बजे आगरा के टेक्निकल एयरपोर्ट पहुंचे। सीएम योगी के स्वागत से अमेरिकी उपराष्ट्रपति गदगद नजर आए। वेंस के परिवार की एक झलक देखने के लिए सड़कों के दोनों ओर हजारों लोग जुटे रहे। हालांकि सुरक्षा कारणों से पुलिस ने अधिक भीड़ एकत्र नही होने दी। उपराष्ट्रपति की सुरक्षा में 20 आईपीएस अधिकारी, 3500 पुलिसकर्मी और ब्लैक कमांडो सुरक्षा में तैनात किए गए। वहीं ड्रोन से भी निगरानी रखी गई।
सीएम योगी का धन्यवाद कर अमेरिकी राष्ट्रपति जेडी वेंस एयरपोर्ट से सीधे ताजमहल देखने के लिए रवाना हो गए। सड़क किनारे दोनों देशों के झंडे लेकर खड़े स्कूली बच्चों ने उनका हाथ हिलाकर स्वागत किया।
अमेरिकी उपराष्ट्र्पति जेडी वेंस के आगरा दौरे को लेकर एयरपोर्ट से ताजमहल तक शहर को दुल्हन की तरह सजाया और संवारा गया। सड़क किनारे अमेरिका और भारत के राष्ट्रीय ध्वज लगाए गए । अमेरिकी उपराष्ट्र्पति के स्वागत में सुंदर रंगोली, सेंड आर्ट और चौराहों पर आकर्षक सजावट की गई। स्वागत में पूरे रूट पर बड़े- बड़े होर्डिंग और बैनर भी लगाए गए। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे।
एयरपोर्ट से शिल्पग्राम होते हुए ताजमहल तक करीब 12 किमी. सड़क पर कड़ी सुरक्षा रहेगी। अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों ने तीन दिन से आगरा में डेरा डाले रखा हुआ है जिस रूट से उप राष्ट्रपति का काफिला गुजरा, वहां जीरो ट्रैफिक जोन रहा।













Discussion about this post