मुजफ्फरनगर। मोरना कस्बा भोकरहेड़ी में बुधवार सुबह कूड़ा डालने को लेकर हुए विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। आरोप है कि कूड़ा डालने का विरोध करने पर एक पक्ष ने लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें प्रजापति परिवार के सात सदस्य घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष की एक महिला भी मारपीट में जख्मी हुई।
जानकारी के अनुसार, भोकरहेड़ी कस्बे के मोहल्ला सेठपुरी निवासी आटा चक्की संचालक प्रमोद प्रजापति ने आरोप लगाया कि उसके पड़ोसी घर के सामने कूड़ा डालते हैं। बुधवार सुबह उसने इसका विरोध किया तो पड़ोसी दबंग इकठ्ठा होकर लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से टूट पड़े। हमले में प्रमोद, उसकी पत्नी सविता, पुत्र चंद प्रकाश उर्फ चिंटू, पुत्र सोमांश, पुत्री निधि, स्वाति और सलोनी घायल हो गए। दूसरी ओर दूसरे पक्ष की महिला प्रेमवती भी घायल हुई।
घायलों को उपचार के लिए भोपा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। गंभीर हालत के चलते चिंटू और प्रेमवती को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि आरोपी परिवार की महिलाओं पर अश्लील फब्तियां कसते हैं और उनके जीना मुहाल कर रखा है। वहीं दूसरे पक्ष ने भी आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।










Discussion about this post