शामली। देशभर में कोरोना वायरस के मामले एक बार फिर बढ़ रहे हैं। भारत में अब तक करीब 2700 नए मरीज सामने आ चुके हैं। इसे देखते हुए उत्तर प्रदेश के शामली जिले में स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिला अस्पताल में कोरोना से निपटने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। अधिकारियों ने कहा कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि कोविड-19 गाइडलाइन का पालन करते हुए सावधानी बरतनी चाहिए।
शामली के संयुक्त जिला चिकित्सालय के सीएमएस ने बताया कि कोरोना संक्रमण से लड़ने के लिए अस्पताल में सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर दी गई हैं। 100 बेड की सुविधा वाले आइसोलेशन वार्ड में प्रत्येक बेड पर ऑक्सीजन की सप्लाई सुनिश्चित की गई है। साथ ही अस्पताल में एक विशेष कोरोना वार्ड भी तैयार किया गया है, जिसमें 12 बेड आरक्षित किए गए हैं।
इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग के पास 87 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर भी मौजूद हैं, जिनमें से 50 की क्षमता 10 लीटर और 37 की 5 लीटर है। सभी मशीनें पूरी तरह से क्रियाशील हैं। जिला अस्पताल में पहले से मौजूद चार ऑक्सीजन प्लांट भी पूरी तरह एक्टिव हैं, जिनकी कार्यक्षमता की जांच के लिए एक विशेष टीम जल्द अस्पताल का दौरा करने वाली है।
सीएमएस ने बताया कि जल्द ही शामली में आरटी-पीसीआर सैंपलिंग भी शुरू की जाएगी, जिससे समय रहते संक्रमित लोगों की पहचान की जा सके। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे पहले की तरह सतर्क रहें, मास्क पहनें, सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखें और हाथों की नियमित सफाई करते रहें।
“भारत में कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए शामली का स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। जिला अस्पताल में 100 बेड, ऑक्सीजन सप्लाई, कोरोना वार्ड और आरटी-पीसीआर सैंपलिंग की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।”











Discussion about this post