शामली। झिंझाना क्षेत्र के कैराना रोड पर पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ में बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश दो दिन पहले महिला से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में वांछित था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।
शुक्रवार देर शाम मुखबिर की सूचना पर महिला से सामूहिक दुष्कर्म के मुख्य आरोपी अहसान उर्फ आमिर निवासी मोहल्ला खाताखेड़ी सहारनपुर की पुलिस ने कैराना रोड पर घेराबंदी कर ली। पुलिस को देखकर आरोपी ने फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में गोली लगने से अहसान घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने तमंचा, कारतूस और खोखा बरामद किया है।
महिला से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को चार आरोपियों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था, जिनमें तीन आरोपी गोली लगने से घायल हो गए थे। जबकि अहसान भाग गया था। एसपी रामसेवक गौतम बताया कि शुक्रवार देर शाम अहसान भागने की फिराक में था। पुलिस को मुखबिर द्वारा उसकी सूचना मिली थी। उसे घेराबंदी कर मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है।











Discussion about this post