लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर आयोजित ‘जनता दर्शन’ में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों फरियादियों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने एक-एक कर सभी की पीड़ा समझी और अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर ढिलाई अक्षम्य होगी।
धान खरीद में लापरवाही पर सख्त तेवर-
जनता दर्शन के दौरान शाहजहांपुर से आए एक किसान ने धान क्रय केंद्रों पर हो रही असुविधा और अधिकारियों की लापरवाही की शिकायत की। इस पर कड़ा रुख अख्तियार करते हुए सीएम योगी ने शाहजहांपुर के जिलाधिकारी (DM) को तत्काल फोन पर निर्देशित किया कि वे खुद क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण करें। उन्होंने कहा, “अन्नदाता की समृद्धि सरकार की प्राथमिकता है, यदि किसी भी केंद्र पर किसान को परेशानी हुई तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।”
सिपाही से लेकर आम नागरिक तक, सबकी सुनी फरियाद-
मुख्यमंत्री के दरबार में न केवल आम नागरिक बल्कि पुलिस विभाग के कर्मचारी भी अपनी व्यथा लेकर पहुँचे। एक पीएसी सिपाही की समस्या सुनने के बाद सीएम ने संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के आदेश दिए। वहीं, प्रयागराज से आए फरियादियों की शिकायतों पर वहां के जिला व पुलिस प्रशासन को समन्वय बनाकर न्याय सुनिश्चित करने को कहा।
साढ़े आठ साल का अटूट संकल्प: सेवा, सुरक्षा और सम्मान-
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पिछले साढ़े आठ वर्षों से ‘सेवा, सुरक्षा और सम्मान’ के मंत्र पर चल रही है। उन्होंने कहा, “हर जरूरतमंद की सेवा ही हमारा लक्ष्य है। शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना शासन की जिम्मेदारी है।”
नन्हे मेहमानों को चॉकलेट और उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद-
हमेशा की तरह सीएम योगी का संवेदनशील रूप भी देखने को मिला। अभिभावकों के साथ आए छोटे बच्चों को देखते ही मुख्यमंत्री के चेहरे पर मुस्कान आ गई। उन्होंने बच्चों का नाम पूछा, उनसे पढ़ाई को लेकर बातचीत की और उन्हें चॉकलेट व दुलार देकर उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।










Discussion about this post