नई दिल्ली। संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान मंगलवार को लोकसभा में चुनाव सुधारों के मुद्दे पर विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच जबरदस्त हंगामा और तीखी बहस देखने को मिली। इस बहस का समापन करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बुधवार शाम 5 बजे लोकसभा में सरकार का पक्ष रखेंगे।
शाम 5 बजे बोलेंगे अमित शाह-
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा, “गृहमंत्री अमित शाह आज शाम 5 बजे के आसपास लोकसभा में चुनाव सुधारों पर बोलेंगे।” इससे पहले, रिजिजू ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा था कि उन्होंने “हम सभी को निराश” किया है और देश उनसे बेहतर भाषण की उम्मीद करता है।
विपक्ष ने उठाए गंभीर सवाल-
संसद में चुनाव सुधार पर हो रही बहस के दौरान विपक्ष ने विशेष गहन संशोधन (SIR) प्रक्रिया को एनआरसी का नाम देकर मतदाताओं के अधिकारों पर हमला बताया।
राहुल गांधी की मांगें: राहुल गांधी ने चुनाव प्रक्रिया में तीन प्रमुख सुधारों की मांग की। उन्होंने कहा, “सबसे बड़ा राष्ट्र-विरोधी कृत्य वोट ‘चोरी’ है; जब आप वोट नष्ट करते हैं, तो भारत की अवधारणा नष्ट करते हैं।” उन्होंने मांग की कि मशीन-रीडेबल वोटर लिस्ट एक महीने पहले सार्वजनिक हो, सीसीटीवी फुटेज मिटाने वाला कानून वापस लिया जाए, विपक्ष को ईवीएम तक पहुंच मिले और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति में मुख्य न्यायाधीश को शामिल किया जाए। उन्होंने कहा, “सरकार ये सुधार नहीं चाहती, लेकिन हम हर हाल में बदलाव लाएंगे।”
अखिलेश यादव के आरोप: समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने एसआईआर प्रक्रिया पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश में अब तक 10 बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) इस प्रक्रिया में अपनी जान गंवा चुके हैं।” उन्होंने मृतक बीएलओ के परिवार को 1 करोड़ रुपए की अनुदान राशि और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की।
आज के सत्र में अमित शाह के भाषण पर सभी की नजरें टिकी हैं, जहां वे एसआईआर, ईवीएम और अन्य सुधारों पर सरकार का पक्ष रखेंगे।











Discussion about this post