मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के नेशनल हाईवे 709 पर एक सनसनीखेज सड़क हादसा सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ, जिसका वीडियो अब सामने आया है। बुढाना क्षेत्र के इटावा गांव के समीप हुए इस हादसे में एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे ट्रैक्टर-थ्रेशर से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और इसके परखच्चे उड़ गए। गनीमत रही कि इस हादसे में कार सवार और ट्रैक्टर चालक दोनों बाल-बाल बच गए।
ये घटना थाना बुढ़ाना इलाके के अंतर्गत नेशनल हाईवे 709 पर हुई। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि थ्रेशर के साथ ट्रैक्टर सड़क पार कर रहा था, तभी तेज गति से आ रही कार ने उससे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर-थ्रेशर पलटते-पलटते बचा, जबकि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए ये आश्चर्यजनक है कि दोनों पक्षों को गंभीर चोट नहीं आई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और दोनों पक्षों की मदद की।
पुलिस के अनुसार, कार सवार युवक फुगाना थाना इलाके के खरड़ गांव के निवासी है। वहीं, ट्रैक्टर-थ्रेशर चालक इलाके के ही इटावा गांव का रहने वाले हैं। हादसे के बाद दोनों पक्षों के बीच कुछ देर तक तनातनी रही, लेकिन बाद में आपसी समझौते से मामला शांत हो गया। पुलिस ने भी घटनास्थल का मुआयना किया, लेकिन चूंकि दोनों पक्षों ने शिकायत दर्ज नहीं की, इसलिए कोई औपचारिक कार्रवाई नहीं हुई।










Discussion about this post