शामली। कैराना में आयोजित किसान महापंचायत में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। टिकैत ने कहा कि सरकार किसानों को मुफ्त बिजली का वादा करके अब उनके यहां मीटर लगवा रही है।
मोहम्मदपुर राई गांव में विद्युत उपकेंद्र के पास आयोजित महापंचायत में टिकैत ट्रैक्टर चलाकर पहुंचे। उन्होंने कहा कि किसानों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। मजदूरों को मिलने वाली दिहाड़ी भी किसानों की आय से बेहतर है।
टिकैत ने कहा कि किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। सरकारी समर्थन के अभाव में किसानों पर कर्ज का बोझ बढ़ता जा रहा है। उन्होंने बताया कि 2020 से पहले बैंकों में एनपीए खातों पर ब्याज माफी थी, लेकिन बैंक प्रबंधकों ने इसका दुरुपयोग किया।
भाकियू नेता ने किसानों को सचेत करते हुए कहा कि कर्ज एक बीमारी की तरह है जो बर्बादी का कारण बनता है। उन्होंने किसानों से अपनी जमीन बचाने की योजना बनाने और बच्चों की शिक्षा पर ध्यान देने का आग्रह किया। टिकैत ने कहा कि सरकार की मंशा किसानों को कर्ज में डुबोकर उनकी जमीन हथियाने की है।











Discussion about this post