मुजफ्फरनगर। जिला सहकारी बैंक की भोपा शाखा में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब ड्यूटी पर तैनात एक क्लर्क ने नशे की हालत में ग्राहकों के साथ अभद्रता शुरू कर दी। बैंक जैसी सार्वजनिक और जिम्मेदार संस्था में कर्मचारी की इस शर्मनाक करतूत से बैंक की छवि को गहरा धक्का लगा है।
क्या है पूरी घटना?
सोमवार को भोपा स्थित जिला सहकारी बैंक की शाखा में कामकाज के दौरान उपभोक्ताओं ने देखा कि एक क्लर्क नशे में धुत है। आरोप है कि काम के सिलसिले में आए ग्राहकों के साथ क्लर्क ने गाली-गलौज और दुर्व्यवहार किया। हंगामा बढ़ता देख ग्राहकों ने इसकी लिखित शिकायत शाखा प्रबंधक संजय कुमार से की।
पुलिस ने कराया मेडिकल परीक्षण-
मामले को बढ़ता देख शाखा प्रबंधक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। भोपा थाना प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर आरोपी क्लर्क को हिरासत में लिया और उसे भोपा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले गए। वहाँ डॉ. अदनान द्वारा किए गए मेडिकल परीक्षण में क्लर्क के शराब पीने की आधिकारिक पुष्टि हो गई।
विभागीय कार्रवाई की तैयारी-
शाखा प्रबंधक संजय कुमार ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए बताया कि बैंक के अनुशासन और मर्यादा को भंग करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मेडिकल रिपोर्ट और प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी क्लर्क के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई के लिए जिला सहकारी बैंक के सचिव को विस्तृत रिपोर्ट भेज दी गई है।










Discussion about this post