बागपत। जिले के कस्बा बड़ागांव मार्ग पर मंगलवार सुबह हुए दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के छह सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब मेरठ के नौचंदी मेले से लौट रहे शिक्षक सलीम की कार खड़े ट्रैक्टर से टकरा गई।
सलीम सांकरोद गांव के निवासी हैं। सोमवार शाम वे अपने परिवार पत्नी समा, बेटा अयान, बेटी इवान, साला नदीम और साली सानिया के साथ कार से मेरठ गए थे। मंगलवार सुबह जब सभी लौट रहे थे तो बड़ागांव मार्ग पर कार खड़े ट्रैक्टर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी सवारों को सिर और हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं। कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को गंभीर हालत में दिल्ली के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने ट्रैक्टर और कार को सड़क किनारे खड़ा करा दिया है।
पुलिस का कहना है कि हादसे को लेकर अब तक कोतवाली में कोई शिकायत नहीं की गई है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।











Discussion about this post