खतौली। भाई के साथ शादी में शामिल होने जा रही बहन की सड़क हादसे में मौत हो गई जबकि भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। हादसे की खबर जैसे ही मृतक के घर पहुंची तो परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार रविवार देर रात को दयालपुरम कॉलोनी निवासी मरहूम कमरुद्दीन का पुत्र अपनी बहन तबस्सुम के साथ बाईक द्वारा रिश्तेदारी में आयोजित विवाह समारोह में भाग लेने भंगेला चौकी के निकट स्थित एक निजी बैंकेट हॉल में जा रहा था। बताया गया कि भंगेला चेक पोस्ट के सामने बैंकेट हॉल की तरफ मुड़ते ही मेरठ से मुजफ्फरनगर की ओर जा रहे अज्ञात वाहन चालक के बाईक में सीधी टक्कर मारने के चलते तबस्सुम 20 वर्ष ने मौके पर ही दम तोड दिया, जबकि मृतका का भाई गंभीर घायल हो गया। हादसे का आरोपी चालक अपना वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देकर घायल युवक को मेरठ रैफर कर दिया। युवती की अचानक मौत होने की खबर शादी घर में पहुंचते ही हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में परिजन और रिश्तेदार मौके पर पहुंच गए। मृतका के परिजन की तहरीर पर अज्ञात में मुकदमा दर्ज करके पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया।










Discussion about this post