मुज़फ्फरनगर। अवैध खनन की शिकायत पर प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया। वाहन को मिट्टी से भरा हुआ पाया गया और चालक खनन अथवा परिवहन से संबंधित कोई भी वैध अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका।
शुक्रवार को जिलाधिकारी कंट्रोल रूम पर शिकायत दर्ज होने के बाद खनन विभाग की टीम ने नई मंडी थाना क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान टीम को महिंद्रा 265 डीआई ट्रैक्टर और नीले रंग की ट्रॉली मिट्टी से भरी मिली। चालक की पहचान दीपक कुमार पुत्र रामकुमार, निवासी बिलासपुर के रूप में हुई।
जब खनन विभाग ने उससे खनन और परिवहन से संबंधित कागजात मांगे तो वह कोई भी दस्तावेज़ नहीं दिखा सका। इसके बाद खनन विभाग ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर अग्रिम आदेशों तक नई मंडी पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया।
खनन अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश उपखनिज (परिहार) नियमावली 2021 के तहत की गई है। साथ ही मामले की रिपोर्ट आगे की कार्रवाई के लिए उपजिलाधिकारी सदर को भेज दी गई है। इस कार्रवाई के बाद जिले में अवैध खनन में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।










Discussion about this post