मुज़फ्फरनगर। खालापार क्षेत्र में डेयरी संचालक अफसार की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी साहिल उर्फ मोहम्मद तालिब और उसके साथी आवेज को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इस हत्याकांड में शामिल सपा सभासद अन्नू मेंबर अभी भी फरार बताया जा रहा है।
17 सितंबर को मृतक अफसार ने आरोपी आवेज को अपने घर के सामने तेज़ रफ्तार में बाइक चलाने से मना किया था। इसी बात पर कहासुनी हुई और आवेज ने यह बात अपने साथियों साहिल और अन्नू मेंबर को बताई। तीनों ने मिलकर अफसार को सबक सिखाने की योजना बनाई और उसके घर पहुंचे।
वहाँ अफसार को अकेला पाकर आवेज और अन्नू मेंबर ने साहिल को उकसाया। इसके बाद साहिल ने चाकू से अफसार के सीने पर वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपियों से बरामद किए चाकू और बुलेट-
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए थे और लगातार छिपते रहे। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर थाना खालापार पुलिस ने उन्हें वहलना से मीनाक्षी चौक की ओर जाते समय गिरफ्तार कर लिया।
हत्या में प्रयुक्त चाकू झाड़ियों से बरामद किया।
घटना में इस्तेमाल की गई काली बुलेट मोटरसाइकिल (UP 12 BU 4865) भी कब्जे में ली।
केस में बढ़ाई गई धाराएं-
इस हत्याकांड में मृतक के भाई मोहम्मद जुनैद की तहरीर पर थाना खालापार में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने पहले भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में केस दर्ज किया था, लेकिन अब धारा 3(5) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई है।
फरार सभासद की तलाश जारी-
पुलिस का कहना है कि फरार सभासद अन्नू मेंबर की तलाश तेज़ कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थाना खालापार प्रभारी निरीक्षक महावीर सिंह चौहान, चौकी प्रभारी लोकेश कुमार गौतम, हेडकांस्टेबल कमल कुमार, सतेन्द्र कुमार, मोहम्मद वकार और कांस्टेबल यश कुमार शामिल रहे।










Discussion about this post