मुज़फ्फरनगर। एसडीएम सदर निकिता शर्मा से जुड़े ताजा विवाद के बीच ब्राह्मण समाज के प्रमुख प्रतिनिधियों ने समाज में व्याप्त असंतोष को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार से मुलाकात की। इस शिष्टाचार भेंट को समाज में बढ़ते आक्रोश और असंतोष के बीच सामंजस्य स्थापित करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री अनिल कुमार को बताया कि हालिया घटनाक्रम को लेकर समाज के लोगों में रोष है, लेकिन समाज इस मुद्दे का सौहार्द्रपूर्ण समाधान चाहता है। जवाब में मंत्री ने आश्वासन दिया कि प्रशासन इस मामले में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि सभी पक्षों की बात ध्यान से सुनी जाएगी और किसी के साथ भी अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
बैठक के दौरान प्रतिनिधियों ने पुरकाजी क्षेत्र में भूमि कब्जा से जुड़े प्रकरणों की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। समाज का आरोप है कि वहां कुछ भूमाफिया सक्रिय हैं, जिन्हें राजनीतिक संरक्षण भी प्राप्त हो सकता है। ऐसे में निष्पक्ष जांच से सच्चाई सामने आ सकेगी।
गौरतलब है कि जब यह मामला शुरुआत में चर्चा में आया था, तब ब्राह्मण समाज के कुछ सदस्यों ने मंत्री अनिल कुमार के खिलाफ तीखे बयान दिए थे। लेकिन अगले ही दिन कुछ प्रमुख प्रतिनिधि उनके आवास पर पहुंचे और सुलह-संपर्क की पहल की। अब यह बदला हुआ रुख क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री से यह भी आग्रह किया कि प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय बना रहे, ताकि शासन की कार्यप्रणाली में कोई बाधा न आए और जनता को न्याय मिल सके।










Discussion about this post