चित्रदुर्ग। कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में एक भीषण सड़क हादसे में कम से कम नौ लोगों की जलकर मौत हो गई। नेशनल हाईवे-48 पर एक अनियंत्रित ट्रक और प्राइवेट स्लीपर कोच बस के बीच हुई जोरदार टक्कर के बाद बस में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कई की हालत नाजुक बनी हुई है।
रात 2 बजे नेशनल हाईवे पर बरपा काल-
पुलिस के अनुसार, यह हादसा गोरलाट्टू क्रॉस के पास रात करीब 2:00 बजे हुआ। बेंगलुरु से गोकर्ण जा रही प्राइवेट स्लीपर बस अपनी लेन में थी, तभी विपरीत दिशा से आ रहा एक अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर तोड़कर दूसरी तरफ आ गया और बस से सीधे जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में तुरंत आग लग गई।
9 यात्री लापता, ट्रक ड्राइवर की भी मौत-
हादसे में ट्रक चालक, जिसकी पहचान उत्तर प्रदेश निवासी कुलदीप के रूप में हुई है, की भी मौत हो गई है। आईजी (नॉर्थ ईस्ट) बीआर रविकांत गौड़ा ने बताया कि प्राथमिक जानकारी के अनुसार बस में 32 यात्री सवार थे। फिलहाल 9 यात्री लापता हैं, जिनके बस के भीतर ही जिंदा जल जाने की आशंका है। बस के ड्राइवर और क्लीनर सुरक्षित हैं।
राहत और बचाव कार्य-
हादसे के बाद बस से कूदकर कई यात्रियों ने अपनी जान बचाई। घायल 21 लोगों में से:
12 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जिनका इलाज हिरियुर तालुक अस्पताल में चल रहा है।
9 यात्रियों की स्थिति गंभीर है, जिन्हें तुमकुरु के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया है, लेकिन बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई है।
प्रधानमंत्री मोदी ने की मुआवजे की घोषणा-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। पीएमओ (PMO) ने सोशल मीडिया हैंडल ‘X’ पर जानकारी दी कि प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
सहायता राशि का विवरण-
मृतकों के परिजनों को: ₹2 लाख (प्रत्येक)
घायलों को: ₹50,000 (प्रत्येक)











Discussion about this post