मुजफ्फरनगर। नेशनल हाईवे 58 पर साक्षी होटल के पास खड़े ट्रक में शनिवार सुबह रोडवेज बस पीछे से जा टकराई। जयपुर डिपो की यह बस हरिद्वार जा रही थी और इसमें करीब 25 से 30 यात्री सवार थे। हादसे में 11 यात्री घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बस जैसे ही खतौली बाईपास पर पहुंची, वह सड़क किनारे खड़े ट्रक से अनियंत्रित होकर टकरा गई। स्थानीय निवासी और प्रत्यक्षदर्शी आवेश ने बताया कि बस में सभी यात्री नींद में थे और अधिकतर लोग जयपुर के रहने वाले थे। टक्कर इतनी तेज थी कि बस के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सवारियों में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल पास के अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायल यात्री की पहचान गुजरात के मेहसाणा निवासी गौरंग पुत्र बलदेव के रूप में हुई है। वहीं, कुलदीप, अशोक कुमार, सरिता गुप्ता और आवेश सहित अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
हादसे के कारण हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा, लेकिन बाद में बस को सड़क से हटाकर आवागमन सामान्य कर दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दुर्घटना का मुख्य कारण ड्राइवर की लापरवाही थी या तकनीकी खराबी।










Discussion about this post