महोबा। उत्तर प्रदेश के महोबा में चरखारी कस्बे के चिंतेपुरा मोहल्ले में शुक्रवार रात लिव-इन प्रेमी युगल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। देर रात कोल्ड ड्रिंक की छोटी बोतल लाने को लेकर दोनों में विवाद हुआ। प्रेमिका ने कोल्ड ड्रिंक की बोतल फेंक दी तो प्रेमी ने फांसी लगा ली। बाद में प्रेमिका ने भी आत्महत्या कर ली।
मोहल्ला चिंतेपुरा निवासी सुरेंद्र कुमार का बेटा धीरेंद्र (20) का कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी से प्रेम-प्रसंग था। दो माह पहले दोनों मंदिर में शादी करने वाले थे। तब प्रेमिका के नाबालिग होने पर पुलिस ने शादी रुकवा दी थी।
इसकी सूचना बाल कल्याण समिति को दी गई थी। समिति ने काउंसलिंग के बाद किशोरी को उसके परिजनों को सौंप दिया था। बाद में दोनों परिवारों की सहमति पर वह साथ रहने लगे थे। शुक्रवार की देर रात 10 बजे दोनों खाना खाकर कमरे में चले गए। तब प्रेमिका ने धीरेंद्र से कोल्डड्रिंक पीने की बात कही।
धीरेंद्र ने रात होने और सुबह लाने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। विवाद शांत करने के लिए धीरेंद्र घर से निकल गया और कोल्ड ड्रिंक लेकर घर पहुंचा। देर से कोल्ड ड्रिंक लाने और बोतल छोटी होने का ताना देकर गुस्से में प्रेमिका ने बोतल फेंक दी।
कहासुनी होने पर धीरेंद्र दूसरी मंजिल के कमरे में चला गया और फंदा लगाकर जान दे दी। कुछ देर बाद जब प्रेमिका ऊपर गई तो प्रेमी को फंदे पर लटकता देख उसके होश उड़ गए।
शोर-शराबा सुनकर पड़ोसी एकत्र हो गए और प्रेमिका से पूरा मामला जानते हुए धीरेंद्र को फंदे से नीचे उतारने लगे। इसी दौरान प्रेमिका ने नीचे के कमरे में फंदा लगा लिया। इससे दोनों की मौत हो गई।
घटना के समय मृतक की मां चंदा और पिता शादी समारोह में बाहर गए थे जबकि बड़ा भाई वीरेंद्र दिल्ली में रहता है। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी प्रवीण कुमार व नायब तहसीलदार आलोक मिश्रा ने घटनास्थल पहुंच जांच की।
चरखारी के चिंतेपुरा में एक लड़का और लड़की ने आत्महत्या की है। जांच में सामने आया है कि दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे। दोनों के बीच कोल्डड्रिंक पीने को लेकर विवाद हुआ। लड़के ने ऊपर के कमरे में फंदा लगाया है। जब लड़की ने लड़के को फंदे पर लटकता देखा तो उसने भी नीचे वाले कमरे में आत्महत्या कर ली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।-वंदना सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक, महोबा।











Discussion about this post