खतौली। मुजफ्फरनगर के खतौली की सड़कों पर उस समय भावुक कर देने वाला नजारा देखने को मिला जब करीब एक महीने का मासूम बछड़ा लावारिस हालत में रेंगता हुआ मिला। तेज रफ्तार वाहनों के बीच अपनी जान बचाता यह नन्हा जीव हर आने-जाने वाले को ऐसे देख रहा था जैसे उसे उम्मीद हो कि कोई आएगा और उसे उसकी मां के पास वापस ले जाएगा।
जैसे ही इसकी सूचना एलआईसी एनिमल्स वेलफेयर के संस्थापक पुनीत अरोरा को मिली वह तुरंत ही अपनी संस्था की दूसरी शाखा कान्हा गौ सेवा दल के अध्यक्ष अभिनव यदुवंशी के साथ मौके पर पहुंचे। बछड़े की हालत बेहद दयनीय थी। उसे संभालते हुए पुनीत अरोरा ने स्थानीय लोगों से जानकारी ली, जिसमें पता चला कि एक अज्ञात व्यक्ति उसे रिक्शा में लाकर बीच सड़क पर छोड़ गया है।
पुनीत अरोड़ा ने तत्काल डॉयल 112 पर पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुनीत अरोरा ने सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपी की पहचान करने की मांग की। इसके बाद पुनीत अरोरा और अभिनव यदुवंशी बछड़े को लेकर सीधे थाने पहुंच गए। कोतवाल बृजेश कुमार शर्मा ने बछड़े को सड़क पर लावारिस छोडऩे के आरोपी के विरुद्ध कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।










Discussion about this post