मेरठ। मेरठ के मवाना में चीनी के थोक व्यापारी ने रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। चीनी के थोक व्यापारी हरिओम नलवा नालंदा कॉलोनी में रहते हैं। उन्होंने अपने चीनी गोदाम में रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। माना जा रहा है कि व्यापारी ने कर्ज के चलते आत्महत्या की है। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है लेकिन उसमें कर्ज आदि का कोई जिक्र नहीं है। पुलिस जांच कर रही है।
मवाना के नालंदा कालोनी के व्यापारी हरिओम नलवा की फलावदा चौराहे के पास हरिओम ट्रेडिंग के नाम से दुकान है। जिस पर वह चीनी का थोक व्यापार करते थे। परिजनों ने बताया कि हरिओम बुधवार सुबह 6 बजे घर से दुकान के लिए कहकर निकले थे। दुकान खोलने के पश्चात शटर उठाकर बाहर से चैनल बंद कर बाहर से ताला लगा दिया।
इसके बाद हरिओम ने दुकान के पीछे स्थित गोदाम में जाकर छत के कुंडे में प्लास्टिक की रस्सी से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
बड़ा भाई ब्रजमोहन सुबह 8:30 बजे के आसपास दुकान पर पहुंचा तो उसने बाहर से चैनल बंद देखा। जिसके बाद इधर-उधर झांककर देखने का प्रयास किया तो हरिओम के फंदे पर लटकने की जानकारी हुई। ब्रजमोहन बाहर चिल्लाते रहे, कोई मेरे भाई को बचाओ। चैनल का ताला तोड़कर अंदर पहुंचे तो हरिओम की मौत को चुकी थी।











Discussion about this post